Saturday, 25 June 2011

सरकार ने फोड़ा मंहगाई बम, आम आदमी का निकला दम

 
आखिरकार सरकार ने वही किया जिसकी आशंका थी। शुक्रवार शाम हुई मंत्री समूह के बैठक के बाद जयपाल रेड्डी जब मीडिया से मुखातिब हुए तो बुरी खबर का अंदेशा उनके चेहरे से साफ जाहिर था। घाटे की तमाम दुहाई के बाद जब उन्होंने मतलब की बात की तो पता चला कि सरकार ने महंगाई की लपटों में डीजल, किरोसीन और रसोई गैस, एक साथ झोंक दिया है।
डीजल में तीन रुपये प्रति लीटर के इजाफे के बाद दिल्ली- में कीमत 37.75 से बढ़कर 40.75 प्रति लीटर हो जाएगी। इसी तरह मुंबई में डीजल 39.85 पैसे की जगह 42.85 पैसे में मिलेगा। कोलकाता में डीजल की कीमत 42.15 से बढ़कर 45.15 हो जाएगी तो चेन्नई में 42.30 पैसे की जगह डीजल 45.30 पैसे प्रति लीटर मिलेगा। 
इसी तरह रसोई गैस के दाम में पचास रुपये के इजाफे के बाद दिल्ली में प्रति सिलेंडर कीमत 345.35 से बढ़कर 395.35 हो गई है। कोलकाता में ये कीमत 365.10 से बढ़कर 415.10 रुपये हो गई है। मुंबई में अब एक सिलेंडर 348.45 पैसे की जगह 398.45 पैसे का पड़ेगा और चेन्नई में प्रति सिलेंडर कीमत 352.40 से बढ़कर 402.40 पैसे हो गई है।
सरकार ने बेहद गरीब जनता के ईंधन यानी मिट्टी के तेल को भी नहीं छोड़ा। केरोसिन का दाम में दो रुपये का इजाफा हुआ है। मिट्टी का तेल। दिल्ली में 12.32 पैसे की जगह 14.32 प्रति लीटर की दर से मिलेगा। कोलकाता में कीमत 12.72 से बढ़कर 14.72 पैसे प्रति लीटर हो गई है। मुंबई वालों को मिट्टी का तेल 12.27 पैसे की जगह 14.27 प्रति लीटर खरीदना पड़ेगा तो चेन्नई में दाम 11.41 पैसे से बढ़कर 13.41 पैसे हो गए हैं।
इस इजाफे से सिर्फ रसोई का बजट नहीं बिगड़ेगा। रसोई तक पहुंचने वाली चीजों की कीमत भी बढ़ जाएगी।
डीजल महंगा होने से
- ट्रांसपोर्टेशन महंगा होगा
- बस का किराया बढ़ेगा
- ट्रक का भाड़ा बढ़ेगा
- सामान लाना ले जाना महंगा होगा
- खेती महंगी होगी
- अनाज महंगा होगा
- सब्जी-फल महंगे होंगे
- दूध महंगा होगा
- कोयला महंगा होगा
- बिजली महंगी होगी
- सीमेंट महंगा होगा
- मकान महंगा होगा
यानी, सरकार के ये फैसला हर घर पर असर डालेगा। महंगाई की आग से पहले से ही त्राहि-त्राहि कर रही जनता सरकार की मजबूरी पर कितना ध्यान देगी, कहना मुश्किल है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अर्थशास्त्र के ज्ञान का डंका पूरी दुनिया में बजता होगा, लेकिन इसने आम हिंदुस्तानी का बाजा बजा दिया है, इसमें शक नहीं।
डीजल, केरोसिन और रसोई गैस के दाम में इजाफे की इस खबर के बाद विपक्ष आग बबूला हो गया है। बीजेपी ने आज देशभर में चक्काजाम का ऐलान किया है, वहीं, लेफ्ट भी इसके खिलाफ देशव्यापी आंदोलन करने जा रहा है। उधर, यूपीए में शामिल दल भी इस फैसले को पचा नहीं पा रहे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने दाम बढ़ाने के फैसले को गलत ठहराया है।

1 comment: